
पश्चिम बंगाल चुनाव: सुबह 11 बजे तक 41 फीसदी हुआ मतदान
पश्चिम बंगाल चुनाव में प्रदेश के 16 जिलों की 152 सीटों पर वोटिंग जारी है। कई जगह हिंसा, ईवीएम में खराबी सामने आई। सुबह 11 बजे तक 41.11 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है।

हमार दुनिया
पश्चिम बंगाल चुनाव के प्रथम चरण के मतदान के तहत सुबह 7 बजे से वोट पड़ने शुरू हो गए। इस चरण में उत्तरी बंगाल और राज्य के दक्षिणी हिस्से के 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान हो रहा है। सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गई हैं। जिन 152 सीटों पर वोटिंग हो रही है, यहां पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव-2021 में बीजेपी और टीएमसी के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली थी। उत्तर बंगाल की 54 सीटों पर जहां बीजेपी का पलड़ा भारी रहा था, वहीं दक्षिण बंगाल की बाकी सीटों पर टीएमसी ने क्लीन स्वीप जैसा प्रदर्शन किया था। गुरुवार सुबह शुरू हुए मतदान के पहले चरण को कुछ स्थानों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण मतदान बाधित हुआ। सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद, कुछ स्थानों से रात में हिंसा की खबरें भी आईं। 142 सीट पर दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा और मतगणना चार मई को निर्धारित है।
ईवीएम में तकनीकी खराबी से प्रभावित हुआ मतदान
पश्चिम बंगाल चुनाव के प्रथम चरण के मतदान में मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मुर्शिदाबाद जिले में बेलडांगा विधानसभा क्षेत्र के पारसालिका मदनमोहन प्राथमिक विद्यालय के बूथ नंबर 156 पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में खराबी आने के बाद मतदान रोक दिया गया। शमशेरगंज विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 212 पर भी इसी तरह की समस्याओं के कारण मतदान समय पर शुरू नहीं हो सका। कांडी के बूथ नंबर 130 पर भी मतदान में देरी हुई। पूर्व मेदिनीपुर में नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र के बिरुलिया में एक ईवीएम में खराबी की सूचना मिली। कूच बिहार में टाउन हाई स्कूल के बूथ नंबर 229 पर मतदान लगभग एक घंटे तक स्थगित रहा, जिसके बाद इसे फिर शुरू किया गया। मालदा जिले के हबीबपुर निर्वाचन क्षेत्र के बूथ नंबर 231 पर भी मतदान में देरी हुई। दार्जिलिंग जिले के सिलीगुड़ी में मार्गरेट स्कूल स्थित बूथ संख्या 26/31 पर ईवीएम में खराबी के कारण मतदान समय पर शुरू नहीं हो सका।
हिंसा की घटनाएं सामने आईं
पश्चिम बंगाल चुनाव के प्रथम चरण के मतदान में मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कुछ जिलों में रात भर हिंसा की घटनाएं भी सामने आईं। मुर्शिदाबाद के नाओदा में शिवनगर प्राथमिक स्कूल के पास रात में कथित तौर पर देसी बम फेंके गए जिससे एक महिला घायल हो गई। पास ही मौजूद तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार साहिना मुमताज खान इस घटना में बाल-बाल बच गईं। तृणमूल कांग्रेस सांसद अबू ताहेर खान ने आरोप लगाया कि इस हमले में हुमायूं कबीर की आमजनता उन्नयन पार्टी का हाथ है। अधिकारियों ने बताया कि इलाके में पुलिस और केंद्रीय बलों को तैनात किया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) मनोज अग्रवाल ने कहा, कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना के संबंध में रिपोर्ट मांगी गई है। कूच बिहार के शीतलकुची में भी तनाव की खबरें आ रही हैं, जहां 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान हिंसा हुई थी। डोमकल के रायपुर गांव में एक अन्य घटना में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एक कार्यकर्ता और उनके बेटे पर देर रात कथित तौर पर हमला किया गया। अधिकारियों ने बताया कि बेटे को गंभीर चोटें आईं और उसे इलाज के लिए मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया।
मोदी ने लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की
पश्चिम बंगाल चुनाव के प्रथम चरण के मतदान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों का पहला चरण आज हो रहा है। मैं सभी नागरिकों से आग्रह करता हूं कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरी शक्ति के साथ भाग लें।

हमार दुनिया
हमार दुनिया के और लेख →


